मुंबई में फोटो पत्रकार से दरिदंगी पर गुस्से में देश, 1 आरोपी गिरफ्तार| Mumbai gang-rape

मुंबई में फोटो पत्रकार से दरिदंगी पर गुस्से में देश, 1 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में फोटो पत्रकार से दरिदंगी पर गुस्से में देश, 1 आरोपी गिरफ्तार मुंबई : महिला फोटो पत्रकार के साथ शुक्रवार रात हुए सामूहिक बलात्कार के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। पिछले साल हुए इसी तरह के दिल्ली सामूहिक बलात्कार की यादें ताजा कर देनी वाली इस घटना को लेकर जनता में फैले भारी रोष के बीच पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही इस मामले को सुलझाने का दावा किया है।

मुंबई के पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘हमने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसने इस घटना में शामिल अन्य लोगों का नाम बताया है। इस आरोपी ने अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है।’
उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगाने के लिए अपराध शाखा की 10 टीमों सहित पुलिस की 20 से अधिक टीमों का गठन किया गया था।

शहर के पुलिस प्रमुख ने इस अत्यधिक संवेदनशील मामले की जांच प्रभावित हो जाने के चलते आरोपियों की पहचान जाहिर करने से इनंकार कर दिया लेकिन बताया कि उनमें से दो हिस्ट्री शीटर हैं, जिनके खिलाफ संपत्ति से जुड़े मामले दर्ज हैं।

हालांकि, एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान चांद बाबू एस शेख उर्फ मोहम्मद अब्दुल (19) के रूप में की है जो दक्षिण मुंबई का निवासी है और बेरोजगार है। उसने सह आरोपी विजय जाधव, कासिम बंगाली, सलीम और अशफाक का नाम बताया।

23 वर्षीय पीड़िता की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उसकी हालत स्थिर है। वह एक अंग्रेजी पत्रिका में इंटर्न है। पीड़िता मुंबई के पश्चिमी उपनगरीय इलाके की निवासी है। वह जसलोक अस्पताल में भर्ती है। शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि उसे कई अंदरूनी चोटें लगी हैं।

अस्पताल से जारी एक बयान में बताया गया है कि पीड़िता बीती रात की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद से हमारे यहां भर्ती है। अब उसकी हालत स्थिर है और जसलोक अस्पताल अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ कोशिश कर रहा है।’

सिंह ने कहा कि पीड़िता की मेडिकल जांच की जा रही है और एक फोरेंसिक टीम को भी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ठोस साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है ताकि दोषियों को इस स्तब्ध कर देने वाले अपराध के लिए अधिकतम सजा मिल सके।

अधिकारी ने घटना का ब्योरा देते हुए कहा कि यह घटना गुरुवार शाम छह बजे हुई जब पीड़िता और उसका सहकर्मी तस्वीरें खींचने के लिए लोअर परेल इलाके के सुनसान पड़े शक्ति मिल्स परिसर में गए थे।

आरोपियों ने उन्हें टोका और उनमें से एक ने पीड़िता के दोस्त से कहा कि वह इलाके में कुछ दिन पहले हुई एक हत्या के लिए जिम्मेदार है। हालांकि पुलिस के मुताबिक उस स्थान पर दो साल पहले एक हत्या हुई थी।

पीड़िता के सहकर्मी ने जब कहा कि वह पहली बार उस स्थान पर आया है तब आरोपी ने अपने सहयोगी को फोन किया जो तुरंत आ गया और कहा कि उसे शक है कि महिला का सहकर्मी वही व्यक्ति है जिसने हत्या की थी। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के सहकर्मी का हाथ बांध दिया। इसके बाद वे पीड़िता को झाड़ियों में ले गए जहां उसके साथ एक-एक कर बलात्कार किया।

जांच में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने उनके सामान नहीं छीने। पीड़िता को रात करीब साढ़े आठ बजे जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

इस घटना पर विपक्षी पार्टियों ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए गृह मंत्री आरआर पाटिल के इस्तीफे की मांग की।

प्रदेश भजापा अध्यक्ष देवेन्द्र फड़नवीस ने कहा, ‘यदि आप मुंबई में कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं कर सकते तो आपको अवश्य ही इस्तीफा दे देना चहिए।’ मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि राकांपा नेता पाटिल गृहमंत्री के तौर पर पूरी तरह से नाकाम रहे हैं।

शिवसेना नेता नीलम गोरहे ने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था बहाल रखने में नाकाम रही है जबकि राकांपा के विद्या चव्हाण ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस बीच, पीड़िता की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए अस्पताल गए पाटिल ने भरोसा जताया कि अन्य आरोपी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे। ‘हमने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। किसी को भी कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।’ मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने औरंगाबाद से में मीडिया से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिले। उन्हें इसे एक अत्यंत निंदनीय अपराध बताया। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 23, 2013, 23:40

comments powered by Disqus