Last Updated: Monday, June 3, 2013, 00:29
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश की वजह से उत्तर भारत में रविवार को अपेक्षाकृत कम गर्मी रही। उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में आज तेज बारिश हुई, जिससे यहां के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजस्थान के उदयपुर में भी आज हल्की बारिश होने की खबर है।
दिल्ली का मौसम अपेक्षाकृत कम गर्म, लेकिन आर्द्रता भरा रहा। यहां आज का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के पट्टी प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा पांच सेंटीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। इसके अलावा सुलतानपुर में तीन सेंटीमीटर, लालगंज में दो सेंटीमीटर और प्रतापगढ़, फूलपुर एवं कुंडा में एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान मुरादाबाद राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कल इटावा के 43.4 डिग्री सेल्सियस से काफी कम था। पंजाब और हरियाणा के एक बड़े भूभाग के तापमान में आज लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। दोनों ही राज्यों का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ में आज का अधिकतम तापमान 35.4 दर्ज किया गया, जो कल के तापमान से चार डिग्री कम था। हरियाणा के अंबाला का अधिकतम तापमान कल से चार डिग्री कम 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान की अगर बात करें तो यहां उदयपुर में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश जरूर हुई है, लेकिन यहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत नहीं मिली है। बीकानेर राज्य का सबसे गर्म प्रदेश रहा, जहां का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, चम्बा और मंडी जिलों के कुछ भागों में भारी बारिश के साथ-साथ ओले पड़ने से दिन के तापमान में अचानक भारी कमी आयी। धौलाधार के ऊपरी भाग में हुई बारिश के कारण धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली। आज शिमला में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि सोलन में 29 डिग्री सेल्सियस रहा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 2, 2013, 22:22