Last Updated: Tuesday, January 17, 2012, 03:40
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव से एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। उधर, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में रविवार रात से रूक-रूक कर हो रही बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार को कोहरा का जबरदस्त प्रकोप रहा। देश के उत्तरी क्षेत्र में घने कोहरे से रेल सेवाएं प्रभावित हुईं।
कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 27 ट्रेनें देरी से चल रहीं हैं और 39 को रद्द कर दिया गया। रेलवे ने कोहरे के मद्देनजर 14 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द कर दिया है। उत्तर रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘मौसम में सुधार होने तक यह स्थिति बनी रहेगी।’
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को लगातार दूसरे दिन बर्फबारी होती रही। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार शाम पांच बजे तक हिमस्खलन की चेतावनी दी है। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में सोलंग, बीस कुंड, नेहरू कुंड, गुलाबा, कुल्लू में ऊपरी मनाली क्षेत्र, चाम्बा, किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति जिलों में रह रहे लोगों को हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वे अपने घरों की छत पर जमा बर्फ हटा दें, ताकि छत ढहने जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बर्फबारी और बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री कम और अधिकतम सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला में पिछले 24 घंटे में 24 सेंटीमीटर बर्फबारी और 31.3 मिलीमीटर बारिश हुई। हिमस्खलन की चेतावनी कश्मीर घाटी में भी जारी की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने खिलनमर्ग, माचिल, केरन, गुरेज, तंगधार, चौकीबल, उरी सहित ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
कश्मीर घाटी के कई इलाकों में हिमपात हो रहा है, जिसके कारण घाटी का सम्पर्क देश के शेष हिस्सों से कट गया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था, जबकि पहलगाम में शून्य से 5.3 डिग्री और गुलमर्ग में शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
उधर, उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने बारिश की सम्भावना जताई है। सोमवार सुबह तेज धूप खिलने के बाद मौसम अचानक बदल गया और बादल घिर आए, जिससे सर्द हवाओं का असर एक बार फिर बढ़ गया और ठिठुरन महसूस होने लगी।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में शीतलहर का प्रकोप है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब एवं हरियाणा के कुछ भागों में बारिश की सम्भावना व्यक्त की है।
First Published: Tuesday, January 17, 2012, 09:10