युद्ध स्मारक के लिए इंडिया गेट सही जगह : एंटनी

युद्ध स्मारक के लिए इंडिया गेट सही जगह : एंटनी

युद्ध स्मारक के लिए इंडिया गेट सही जगह : एंटनी नई दिल्ली : रक्षा मंत्री एके एंटनी ने आज कहा कि राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के निर्माण के लिए इंडिया गेट सही स्थान है। एंटनी का यह बयान दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के इस प्रस्ताव का विरोध करने की पृष्ठभूमि में आयी है।

एंटनी ने पाकिस्तान के साथ वर्ष 1971 युद्ध की 41वीं वषर्गांठ के मौके पर आज यहां अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘जहां तक हमारा सवाल है यह (इंडिया गेट) युद्ध स्मारक के निर्माण के लिए सही जगह है। हम बहुत स्पष्ट हैं।’ रक्षा मंत्री से इंडिया गेट पर युद्ध स्मारक निर्माण का विरोध करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री द्वारा लिखे गए पत्रों पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि कई वर्षों के प्रयास के बाद प्रधानमंत्री की ओर से गठित मंत्रियों के समूह और तीनों सेनाओं के प्रमुख यहां पर युद्ध स्मारक निर्माण पर सहमत हुए हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या शीला के पत्रों से इंडिया गेट परिसर में युद्ध स्मारक के निर्माण की प्रक्रिया विलंबित होगी, एंटनी ने कहा, ‘प्रस्ताव को मंजूरी के लिए कैबिनेट में पेश किए जाने से पहले शहरी विकास मंत्रालय ने सभी हितधारकों को पत्र लिखकर उनकी प्रतिक्रिया मांगी है लेकिन मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि हम इस मुद्दे का समाधान निकालने में सफल होंगे।’ शीला दीक्षित ने एंटनी, गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और शहरी विकास मंत्री कमल नाथ को लिखे अलग अलग पत्रों में कहा है कि स्मारक के निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थल चिन्हित होने चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 16, 2012, 13:33

comments powered by Disqus