यूपी और दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना

यूपी और दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना

नई दिल्ली/लखनऊ : मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मंगलवार को हल्की बारिश की सम्भावना जाहिर की है। दिल्ली में आसमान पर बादल छाए हुए हैं लेकिन उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है।

मंगलवार को न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री अधिक है। सोमवार को अधिकतम तापमान औसत से दो डिग्री ऊपर 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी और लू चलने से लोगों का हाल बुरा बना हुआ है। लेकिन राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में गर्मी और लू के थपेड़ों का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था।

मंगलवार को अधिकतम तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि अगले 48 घंटों में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी आ सकती है।

गौरतलब है कि सोमवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस, आगरा का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, June 5, 2012, 11:58

comments powered by Disqus