Last Updated: Sunday, February 10, 2013, 19:34

अहमदाबाद : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी का करीब एक दशक से जारी बहिष्कार समाप्त करने के बाद यूरोपीय संघ (ईयू) के सांसदों ने उन्हें नवंबर में ब्रुसेल्स में यूरोपीय संसद में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। यह जानकारी उनके ब्लॉग से मिली है।
मोदी के ब्लॉग पर लिखा गया है कि, ‘सांसदों ने मोदी को इस वर्ष नवंबर में ब्रसेल्स में यूरोपीय संसद में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। संसद में 27 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही इस वर्ष बाद में यूरोपीय कारोबारी बैठक में भी हिस्सा लेने का निमंत्रण है।’
ब्लॉग के अनुसार, मुख्यमंत्री की शनिवार को यूरोपीय सांसदों से आनलाइन चर्चा हुई जो बेंगलूर में 10वें भारत कारपोरेट संस्कृति और अध्यात्मिकता सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
सांसदों ने गुजरात के विकास की सराहना की और राज्य को सशक्त बनाने के लिए मोदी को बधाई दी।
ब्लॉग के अनुसार, बातचीत के दौरान मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए गुजरात सरकार की ओर से उठाए गए विभिन्न कदमों के बारे में जानकारी दी।
ब्लॉग के अनुसार, मोदी ने बताया कि गुजरात, भारत का पहला और दुनिया का चौथा राज्य है जहां जलवायु परिवर्तन पर अलग विभाग है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में गुजरात की प्रगति के बारे में सांसदों को जानकारी देते हुए मोदी ने उन्हें बताया कि एशिया का सबसे बड़ा सौर पार्क राज्य के पाटन जिले के चारांका में है।
ब्लॉग में नवीन ऊर्जा के क्षेत्र में गुजरात के कामकाज के बारे में भी बताया गया है। गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गुजरात से श्रीलंका तक राम से जुड़े विषयों पर काम कर रही है और बुद्ध के बारे में इसी तरह की योजना पर काम करना चाहती है।
मोदी ने गुजरात और रूस के प्राचीन संबंधों के बारे में जिक्र किया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 10, 2013, 19:34