राजनाथ सिंह को पता है, उन्हें मुजफ्फरनगर जाने से क्यों रोका गया: आजम खान

राजनाथ सिंह को पता है, उन्हें मुजफ्फरनगर जाने से क्यों रोका गया: आजम खान

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली/लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह को दंगा प्रभावित मुजफ्फरनगर जाने से रोके जाने पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री आजम खान ने कहा कि राजनाथ सिंह को पता है कि उन्हें दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा करने से क्यों रोका गया।

उधर दंगा प्रभावित मुजफ्फरनगर जाने से रोके जाने के बाद भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह उनकी पार्टी के नेताओं को अलग से निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से मुलाकात कर उन्हें राज्य की स्थिति से अवगत कराएगा। सपा पर उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जब जब यह पार्टी सत्ता में आई है, उसने दंगों को हवा दी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, मैं दंगे में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलना और हालात का जायज़ा लेना चाहता था। लेकिन जिला प्रशासन ने यह कह कर मुझे जाने की अनुमति नहीं दी कि वर्तमान स्थिति के चलते ऐसा संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि समाचार चैनलों के हाल के स्टिंग ऑपरेशन से साबित हो गया है कि हिंसा में उनकी भूमिका है जो आज उत्तर प्रदेश की सत्ता में हैं।

उनके अनुसार, सपा और बसपा आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति से लाभ उठाना चाहते हैं। सिंह ने बताया कि दंगा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, वहां हुई क्षति तथा हिंसा के कारणों की जांच के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश विधायक दल के नेता हुकुम सिंह की अध्यक्षता में समिति बनाई है। 24 सितंबर को राष्ट्रपति से भेंट के समय इस समिति की रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाएगी।

First Published: Saturday, September 21, 2013, 15:18

comments powered by Disqus