'लोकपाल बिल पास करने की नहीं थी तैयारी' - Zee News हिंदी

'लोकपाल बिल पास करने की नहीं थी तैयारी'

नई दिल्ली: टीम अन्ना ने गुरुवार को  राज्यसभा में लोकपाल विधेयक पारित नहीं करा पाने पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने इस मुद्दे पर सदन की भावना का सम्मान करने के लिहाज से अन्य राजनीतिक दलों को शामिल करने के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की।

 

टीम की प्रमुख सदस्य किरण बेदी ने कहा कि राज्यसभा में लोकपाल विधेयक को पारित कराना कांग्रेस की जिम्मेदारी थी क्योंकि वह सत्तारूढ़ पार्टी है।

 

उन्होंने कहा, ‘सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी पर यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है कि सदन की भावना का सम्मान हो। उन्हें सदन की भावना जताने के बाद काफी तैयारी करनी चाहिए थी।’

 

बेदी ने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर अन्य राजनीतिक दलों को शामिल करने के लिए ज्यादा प्रयास नहीं किये। उन्होंने राज्यसभा में लोकपाल विधेयक पर भाजपा नेता अरुण जेटली और राम जेठमलानी तथा कांग्रेस सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी के भाषण की सराहना की।

 

बेदी ने कहा, ‘हम इस सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते। शाम तक बहुत स्पष्ट था कि सरकार मत विभाजन का सामना करने के लिए तैयार नहीं है। आज बड़ा विश्वासघात हुआ है।’ (एजेंसी)

First Published: Friday, December 30, 2011, 13:58

comments powered by Disqus