लोकसभा में दिखा सत्ता पक्ष और विपक्ष का मेल-मिलाप

लोकसभा में दिखा सत्ता पक्ष और विपक्ष का मेल-मिलाप

नई दिल्ली : मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा में सत्ता पक्ष और मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के वरिष्ठ सदस्यों के बीच मेल-मिलाप से काफी खुशगवार माहौल देखने को मिला। दोनों पक्षों के नेता एक दूसरे के पास आकर बात करते और कुशल मंगल पूछते देखे गए। भाजपा सदस्यों ने सदन की कार्यवाही में बाधा नहीं पहुंचायी।

कांग्रेस के नेता एवं मंत्री जहां विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज सहित अनेक भाजपा सदस्यों के पास जाकर बात करते देखे गए वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सदन में मौजूद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास जाकर कुशल मंगल पूछा।

प्रधानमंत्री एवं सोनिया गांधी ने भी गर्मजोशी के साथ आडवाणी का अभिवादन किया। आडवाणी को राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ, नवनियुक्त मंत्री शीश राम ओला, सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, राजद प्रमुख लालू प्रसाद से भी कुशलक्षेम पूछते देखा गया।

जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपने मंत्रिमंडल में शामिल नये मंत्रियों का परिचय करा रहे थे तब भी भाजपा सदस्यों ने जोरदार अंदाज में मेज थपथपा कर उनका स्वागत किया। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 5, 2013, 15:18

comments powered by Disqus