Last Updated: Friday, April 5, 2013, 20:45

नई दिल्ली : क्रिकेटर राहुल द्रविड, अभिनेत्री शर्मिला टैगोर और श्रीदेवी तथा डीआरडीओ के प्रमुख वीके सारस्वत सहित 54 लोगों को शुक्रवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। मूर्तिकार रघुनाथ महापात्र और अनुसंधानकर्ता यशपाल को भारत के इस दूसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
शर्मिला टैगोर, फिल्म निर्माता डी. रामानायडू और द्रविड को पद्म भूषण, जबकि श्रीदेवी को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में हुआ। रंगकर्मी बी. जयश्री, भारतीय नौसेना से जुड़े बाक्सर एन डिंग्को सिंह, फोटोग्राफर पाब्लो बथरेलोम्यू और सूबेदार मेजर बजरंग लाल टखर को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।
पद्म पुरस्कारों का ऐलान 25 जनवरी को किया गया था। इन पुरस्कारों के लिए जिन लोगों के नाम घोषित किए गए और जो आज पुरस्कार नहीं ले पाए, उनके लिए एक और समारोह होने की उम्मीद है। पद्मभूषण पाने वालों में हेमेन्द्र सिंह पंवार, शिवाजीराव गिरधर पाटिल, कनक यतीन्द्र रेले, प्रो. अशोक सेन, प्रो. गायत्री चक्रवर्ती स्पिवाक और राममूर्ति त्यागराजन शामिल हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 5, 2013, 20:45