शीतलहर जारी, यूपी में छह और मरे - Zee News हिंदी

शीतलहर जारी, यूपी में छह और मरे

नई दिल्ली : उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है जिससे छह और लोगों की मौत हो गई और सड़क तथा रेल यातायात बाधित रहा। सभी मौतें उत्तर प्रदेश में हुई हैं। उत्तर प्रदेश में ठंड से और छह लोगों की मौत के साथ ही राज्य में मरने वालों की संख्या 26 तक पहुंच गई है।

 

राजधानी दिल्ली में भी रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोलकाता में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 12.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग कोलकाता के निदेशक जी. सी. देवनाथ ने बताया कि शहर में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले दस साल में सबसे कम है।

 

पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। दोनों राज्यों के कई क्षेत्रों में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हिसार और रोहतक में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा । दोनों प्रदेश के सबसे ठंडे शहर रहे। कश्मीर के गुलमर्ग रिसार्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। श्रीनगर में ठंड के कारण जलापूर्ति ठप हो गई है। पेयजल के पाइपों में बर्फ जम गई है।

 

राजस्थान में चुरू आज भी सबसे ठंडा स्थान बना रहा। वहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
झारखंड में सबसे ठंडा इलाका रांची के पास स्थित कांके रहा। वहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार में सुबह के कोहरे के बाद थोड़ी देर के लिए धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत महसूस हुई। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 18, 2011, 23:32

comments powered by Disqus