श्रीलंका ने 56 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया

श्रीलंका ने 56 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया

कोलंबो : श्रीलंकाई नौसेना ने कथित रूप से देश के समुद्री जल क्षेत्र में मछली पकड़ने पर भारत के 30 मछुआरों को गिरफ्तार किया है जिससे पिछले दो दिन में गिरफ्तार कुल भारतीय मछुआरों की संख्या 56 पहुंच गई है।

अधिकारियों ने रविवार को कहा कि शुक्रवार को 26 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर छह नौकाओं को जब्त किया था। श्रीलंकाई नौसेना ने कल रात 30 अन्य भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी छह नौकाओं को जब्त कर लिया।

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर कोसला वार्नाकुलासूर्या ने कहा कि 30 भारतीय मछुआरों और उनकी नौकाओं को कल रात श्रीलंकाई जल सीमा में घुसने पर उत्तरी जाफना प्रायद्वीप के तलाइमन्नार के तट से पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि मन्नार के मजिस्ट्रेट ने कल गिरफ्तार किए गए 30 मछुआरों को 18 अप्रैल तक के लिए हिरासत में भेज दिया है।

इस बीच, नौसेना ने कहा कि प्वाइंट प्रेडो मजिस्ट्रेट की अदालत ने शुक्रवार को गिरफ्तार 26 मछुआरों को 11 अप्रैल तक हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

इससे पहले नौसेना ने कहा था कि 25 भारतीय मछुआरों को शुकवार को गिरफ्तार किया गया लेकिन बाद में आंकड़ों में सुधार करते हुए यह संख्या 26 बताई गई।

भारत और श्रीलंका दोनों के मछुआरों द्वारा एक-दूसरे की समुद्री सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ने की समस्या बहुत ज्यादा है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 7, 2013, 22:42

comments powered by Disqus