श्रीलंकाई हमले में 16 तमिल मछुआरे घायल - Zee News हिंदी

श्रीलंकाई हमले में 16 तमिल मछुआरे घायल

रामेश्वरम (तमिलनाडु) : पाक जलडमरुमध्य में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा, आईएमबीएल  के निकट बीच समुद्र में श्रीलंकाई नौसैनिकों के हमले में मछली पकड़ रहे तमिलनाडु के 16 मछुआरे घायल हो गए।

 

पुलिस ने बताया कि श्रीलंकाई नौसैन्यकर्मियों ने कल लकड़ी के कुन्दे, पत्थर और बोतलों से मछुआरों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक 25 वर्षीय युवक की हड्डी टूट गयी और अन्य को गंभीर चोटें आयी। पुलिस के अनुसार चोटिल मतियाझागन को यहां पर एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि अन्य मछुआरों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

युवक ने कहा कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने ‘नृशंस’ हमला किया और मछुआरों की 25 नौकाओं को घेर लिया। उन्होंने बताया, ‘नौसैनिकों ने नौकाओं को नुकसान पहुंचाया, जाल को काट दिया और पत्थरों और लट्ठ से हमला कर दिया।’ मत्स्य विभाग के एक अधिकारी ने हमले की घटना को मानवाधिकार का उल्लंघन करार दिया।

 

स्थानीय मछुआरा एसोसिएशन के नेता सेसू और देवराज ने कहा कि नौसेना की जहाज में आए श्रीलंकाईयों ने मछुआरों को डराया और धमकी दी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, March 11, 2012, 13:41

comments powered by Disqus