Last Updated: Thursday, May 9, 2013, 13:09

चंडीगढ़ : पाकिस्तानी कैदी सनाउल्ला रंजय की गुरुवार को सुबह यहां स्थित पीजीआईएमईआर अस्पताल में मौत हो गई। सनाउल्ला पिछले सप्ताह जम्मू की एक जेल में एक साथी कैदी द्वारा बुरी तरह पीटे जाने के बाद कोमा में चला गया था।
पीजीआईएमईआर के एक प्रवक्ता ने बताया ‘मरीज को जब यहां लाया गया था तब उसका मस्तिष्क काम करना बंद कर चुका था। आज सुबह मरीज के कई अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।’ वर्ष 1999 में गिरफ्तार किए जाने के बाद टाडा के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया गया सनाउल्ला जम्मू की कोट भलवाल जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा था। कल उसके गुर्दों ने काम करना बंद कर दिया था और उसे स्नायु संबंधी समस्याएं भी हो गई थीं जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी।
52 वर्षीय पाकिस्तानी कैदी सनाउल्ला जेल में एक भारतीय कैदी द्वारा पीटे जाने के बाद घायल हो गया था। उसे जम्मू से शुक्रवार को हवाई एंबुलेन्स द्वारा यहां स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इन्स्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) लाया गया था। उसे ‘एडवान्स्ड ट्रॉमा सेंटर’ के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया था।
सनाउल्ला पर हमले से ठीक एक दिन पहले पाकिस्तान के जिन्ना अस्पताल में भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की मौत हो गई थी। लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद सरबजीत पर कुछ साथी कैदियों ने क्रूरतापूर्वक हमला किया था जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि सनाउल्ला का शव पाकिस्तान को सौंप दिया जाएगा। इस्लामाबाद ने हमले की जांच की मांग की है। सनाउल्ला के रिश्तेदार पाकिस्तान से मंगलवार को भारत आ चुके हैं। शिंदे ने कहा कि हम उसका शव पाकिस्तान को सौंप देंगे। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय उसका शव उसके देश वापस भेजने के लिए औपचारिकताएं पूरी करने के उद्देश्य से पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। एक बार औपचारिकताएं पूरी हो जाएं तो हम शव उन्हें सौंप देंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ऐजाज अहमद चौधरी ने कहा है कि सनाउल्ला के शव को पाकिस्तान लाने के लिए उनके देश की ओर से व्यवस्था की जा रही है।
नई दिल्ली में सूत्रों ने बताया कि चंडीगढ़ में सनाउल्ला के शव का पोस्ट मार्टम किया जा रहा है और पाकिस्तान के अनुरोध को देखते हुए शव को वहां भेजने के इंतजाम किए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, सरकार को बताया गया है कि पाकिस्तान सनाउल्ला का शव वापस लाने के लिए एक विमान का इंतजाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर वे असैन्य पंजीकृत विमान भेजते हैं तो मंजूरी जल्दी दे दी जाएगी। विदेश मंत्रालय के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि भारत सनाउल्ला का शव उसके देश भेजने के पाकिस्तान के आग्रह के अनुसार व्यवस्था करेगा और जरूरी मदद उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जेलों में दो भारतीयों की हत्या और सनाउल्ला प्रकरण सहित इस तरह के मामलों को देखते हुए भारत ने एक प्रस्ताव दिया है, जिसके अनुसार दोनों देशों के अधिकारियों की बार बार मुलाकात कराने और कैदियों के साथ मानवीय व्यवहार किए जाने की एक न्यायिक समिति की सिफारिशों को आगे बढाने का विचार दिया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि इस प्रस्ताव पर अभी पाकिस्तान के जवाब का इंतजार है। इस बीच, चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार के के शर्मा ने बताया कि कैदी की मौत सुबह छह बज कर करीब 56 मिनट पर हुई। उन्होंने बताया कि यहां के अधिकारी केंद्र और जम्मू कश्मीर सरकार के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान को सनाउल्ला का शव सौंपने से पहले सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। चंडीगढ़ के गृह सचिव अनिल कुमार ने कहा कि स्थानीय हवाईअड्डे से सनाउल्ला का शव विमान द्वारा पाकिस्तान ले जाया जाएगा।
इस बीच, गृह मंत्री शिन्दे ने यहां संवाददाताओं को बताया कि सनाउल्ला पर हमले की अंतरराष्ट्रीय जांच के सिलसिले में सरकार को कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब हमसे कोई मांग की जाएगी तब हम इस बारे में बात करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 9, 2013, 08:41