सनाउल्‍लाह को इलाज के लिए स्‍वदेश भेजा जाए: पाक

सनाउल्‍लाह को इलाज के लिए स्‍वदेश भेजा जाए: पाक

सनाउल्‍लाह को इलाज के लिए स्‍वदेश भेजा जाए: पाक जम्मू/नई दिल्ली : पाकिस्तान ने भारत से मांग की है कि जम्मू के जेल में हमले के बाद कोमा में चले गए पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह को स्वदेश भेजा जाए। नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के एक बयान में कहा गया कि मानवीय आधार पर कैदी को रिहा किया जाए और भारत को उसे एयर एंबुलेंस के जरिये पाकिस्तान भेजने में मदद करनी चाहिए।

उधर, जम्मू की अतिसुरक्षित कोट बलवाल जेल में साथी कैदी के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह को चंडीगड़ लाया गया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने दी। पाकिस्तान ने भारतीय जेल में कैद पाकिस्तानी कैदी पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे लाहौर जेल में भारतीय कैदी पर हुए हमले के बदले की प्रत्यक्ष कार्रवाई करार दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने ट्विटर पर लिखा कि पाकिस्तान के घायल कैदी सनाउल्लाह रंजय को चिकित्सीय उपचार के लिए विमान द्वारा चंडीगढ़ लाया गया है। भारत ने इसे अफसोसनाक घटना बताया है। अकबरुद्दीन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषी को सजा दी जाएगी।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सियालकोट निवासी सनाउल्लाह पर हत्या के दोषी भारतीय सेना के पूर्व जवान विनोद कुमार ने शुक्रवार सुबह हुई एक झड़प के दौरान हमला कर दिया। यह घटना लाहौर की एक जेल में हमले में घायल हुए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की मौत के दूसरे दिन सामने आई है। उसके सिर में गम्भीर चोटें आई हैं तथा उसे जम्मू के गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहां चिकित्सकों ने बताया कि वह फिलहाल कोमा में है। इसी तरह का हमला 26 अप्रैल को सरबजीत पर हुआ था, जिसका बाद वह भी कोमा में थे।

जेल के सूत्रों के मुताबिक, सनाउल्लाह पिछले 17 सालों से कोट बलवाल जेल में कैद था। उस पर हत्या सहित आठ मामले दर्ज हैं तथा उसे दो मामलों में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। विनोद उत्तराखंड से ताल्लुक रखता है तथा वह इस जेल में पिछले छह सालों से कैद है। लेह में सहयोगी की हत्या करने के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों को नियमित दिनचर्या के तहत शुक्रवार को जेल अहाते में ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि सभी आपस में बात कर रहे थे तभी अचानक दोनों के बीच झड़प होने लगी और विनोद ने सनाउल्लाह के सिर पर वार कर दिया। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं सनाउल्लाह पर ईंट या बेलचे से तो हमला नहीं किया गया था। राज्य प्रशासन ने जम्मू एवं कश्मीर की उन 14 जेलों में सुरक्षा कड़ी कर दी है जहां लगभग 80 पाकिस्तानी कैदी मौजूद हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 3, 2013, 17:30

comments powered by Disqus