सीएम नहीं, पहरेदार बनूंगी : उमा - Zee News हिंदी

सीएम नहीं, पहरेदार बनूंगी : उमा

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से प्रत्याशी बनाई गईं उमा भारती ने कहा कि पार्टी के सरकार बनाने की स्थिति में वह मुख्यमंत्री की दावेदार नहीं होंगी, बल्कि ‘पहरेदार’ बनेंगी।

 

बुंदेलखंड के चरखारी से चुनाव मैदान में उतारी गई मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार नहीं हूं। मैं पूरी गंभीरता से कह रही हूं कि मैं मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में नहीं हूं। लेकिन मैं एक तरह का पहरेदार बनने की दौड़ में हूं।’ उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की इस सलाह पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में भाजपा को मुख्यमंत्री के चेहरे के बिना नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आडवाणी इस संबंध में उनके विचारों को जानते हैं।

 

मध्यप्रदेश की होकर उत्तर प्रदेश में पार्टी की स्टार प्रचारक बनाए जाने के बारे में किए गए सवाल पर इस प्रमुख ओबीसी नेता ने कहा कि यह प्रदेश भी ‘मेरे घर जैसा है। यह मेरे दिल के बहुत करीब है।’ सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की मुख्य टक्कर बसपा से है। चुनाव बाद गठबंधन के बारे में कुछ कहने से इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में वापसी का भरोसा है। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 20, 2012, 21:20

comments powered by Disqus