सुनीता विलियम्स 1 अप्रैल से भारत दौरे पर| Sunita Williams

सुनीता विलियम्स 1 अप्रैल से भारत दौरे पर

सुनीता विलियम्स 1 अप्रैल से भारत दौरे परनई दिल्ली : भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स एक अप्रैल को दिल्ली से अपने भारत दौरे की शुरुआत करेंगी। सुनीता के नाम एक महिला के रूप में सबसे लंबी अंतरिक्ष यात्रा का विश्व रिकार्ड है। एक अप्रैल को सुनीता राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र (एनएससी) का दौरा करेंगी, जहां वह विद्यार्थियों और अध्यापकों से बातचीत करेंगी।

विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया, "एक अप्रैल को सेंटर सुनीता एल. विलियम्स (कैप्टन, यूएस नेवी और अंतरिक्ष यात्री, नासा) की मेजबानी करेगा। सुनीता यहां बच्चों के समूह और अध्यापकों से बात करेंगी।"

इसके बाद वह मुंबई रवाना होंगी। वह तीन और चार अप्रैल को मुंबई का दौरा करेंगी, जिसके बाद वह गुजरात का रुख करेंगी। गौरतलब है कि सुनीता के पिता गुजरात के महसाना जिले से हैं।

मुंबई में सुनीता भारतीय समाज कल्याण परिषद द्वारा चैंबूर में संचालित महिला हॉस्टल का दौरा करेंगी और हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं से बात करेंगी। इसके अलावा सुनीता वर्ली के नेहरू साइंस सेंटर में स्कूली बच्चों से भी मुखातिब होंगी।

सुनीता का अंतिम पड़ाव होगा, गुजरात। गुजरात में वह अपने पूर्वजों के गांव में जाकर अपने रिश्तेदारों से रू-ब-रू होंगी।

गुजरात तकनीकी यूनिवर्सिटी द्वारा सुनीता को डाक्टरेट से सम्मानित किया गया है। सुनीता यूनिवर्सिटी जाकर बच्चों को संबोधित करेंगी। उन्होंने इससे पहले, अक्तूबर 2007 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मुंबई का दौरा किया था।

सुनीता विलियम्स के नाम एक महिला अंतरिक्ष यात्री के रूप में अंतरिक्ष में 50 घंटे 40 मिनट तक स्पेसवॉक करने का विश्व रिकार्ड है। इसके अलावा वह दो बार अंतरिक्ष मिशन में जा चुकी हैं। अंतरिक्ष में उन्होंने इस दौरान 322 दिन बिताए हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, March 30, 2013, 16:13

comments powered by Disqus