15 की उम्र में हों शादी तो रेप पर लग सकता है लगाम : चौटाला

15 की उम्र में हों शादी तो रेप पर लग सकता है लगाम : चौटाला

15 की उम्र में हों शादी तो रेप पर लग सकता है लगाम : चौटालाज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : इंडियन नेशनल लोकदल के अध्‍यक्ष ओम प्रकाश चौटाला ने बुधवार को लड़कियों की शादी को लेकर एक सनसनीखेज बयान दिया और शादी की उम्र 15 साल करने की वकालत की। चौटाला ने कहा कि बलात्‍कार की बढ़ती घटना को रोकने के लिए 15 साल में लड़कियों की शादी सही है और इसलिए कम उम्र में ही लड़कियों की शादी कर देनी चाहिए। उन्‍होंने बलात्‍कार की घटना रोकने के लिए खाप के फॉर्मूले को सही ठहराया है।

गौर हो कि हाल में हरियाणा में लड़कियों के खिलाफ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। चौटाला ने खाप पंचायतों के उस प्रस्ताव का समर्थन किया है, जिसमें दुष्कर्म जैसी घटनाओं के निराकरण के लिए लड़कियों की शादी कम उम्र में किए जाने की बात कही गई थी। चौटाला ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिए यदि राज्य सरकार की ओर से समय रहते कारगर कदम उठाए गए होते तो आज ये हालात न होते।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीते एक माह में बलात्‍कार की दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें कुछ दलित बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं भी शामिल हैं।

गौर हो कि हरियाणा में रेप की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर खाप पंचायतों ने सुझाव दिया था कि विवाह की तय उम्र सीमा को समाप्त कर देना चाहिए और लड़कियों की शादी 15 साल की उम्र में ही कर देनी चाहिए। खाप पंचायतों के अनुसार इससे लड़के व लड़कियों में भटकाव नहीं आएगा और दुष्कर्म की घटनाओं में कमी आएगी। चौटाला ने खाप पंचायतों के सुझाव का समर्थन किया है।

First Published: Wednesday, October 10, 2012, 15:26

comments powered by Disqus