Last Updated: Friday, June 28, 2013, 23:44
तिनसुकिया/गुवाहाटी : असम में धीरे धीरे बाढ़ ने कई इलाकों में अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है और 30 नए गांव भी आज इसकी चपेट में आ गए हैं। बाढ़ से सात जिलों की करीब 2,000 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण :एएसडीएमए: के मुताबिक ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक जिया भराली नदी में जलस्तर क्रमश: जोरहट और सोनीतपुर में खतरे के निशान से उपर हैं।
तिनसुकिया जिले में आज बाढ़ का पानी 14 गांवों में भर गया जिससे वहां रह रहे 5,000 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा धेमाजी जिले में 13 गांव और लखीमपुर में एक गांव में भी बाढ़ का पानी भर गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की खबरें हैं। अब तक 140 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं जिससे करीब 55,000 लोग प्रभावित हुए हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 28, 2013, 23:44