उत्तर प्रदेश: एक और मंत्री बर्खास्त - Zee News हिंदी

उत्तर प्रदेश: एक और मंत्री बर्खास्त

 

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने लोकायुक्त जांच में एक साथ दो स्थानों से वेतन लेने के दोषी पाये गए लघु उद्योग मंत्री चन्द्रदेव राम यादव को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त कर दिया है।

 

राजभवन से जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल बी. एल. जोशी ने मुख्यमंत्री मायावती की सलाह पर लघु उद्योग मंत्री चन्द्रदेव राम यादव को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है और उनका कार्यभार सरकार के वरिष्ठ मंत्री इन्द्रजीत सरोज को सौप दिया है। प्रदेश के लोकायुक्त न्यायमूर्ति एन. के. मेहरोत्रा ने 28 दिसम्बर को मुख्यमंत्री को भेजी अपनी रिपोर्ट में यादव को एक ही समय दो स्थानों से वेतन लेने का दोषी करार देते हुए उन्हें उनके पद से हटा देने की सिफारिश की थी।

 

मुख्यमंत्री को भेजे प्रतिवेदन में लोकायुक्त ने कहा था, यादव को उनके पद से हटाकर उनके द्वारा लिए गए वेतन की वसूली की जानी चाहिए और उनके पास आय से अधिक सम्पत्ति होने के मामले में किसी सक्षम एजेंसी से जांच करायी जानी चाहिए।  उल्लेखनीय है कि लोकायुक्त की सिफारिश पर मुख्यमंत्री मायावती यादव से पहले पांच और मंत्रियों राजेश त्रिपाठी अवध पाल सिंह यादव बादशाह सिंह रतनलाल अहीरवार और रंगनाथ मिश्र को उनके पद से हटा चुकी है।

 

मायावती लोकायुक्त की सिफारिश पर हटाए गये छह मंत्रियों को मिलाकर विभिन्न आरोपों में अब तक अपने मंत्रिपरिषद के लगभग 15 मंत्रियों को हटा चुकी है।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 19, 2012, 00:55

comments powered by Disqus