उत्तराखंड: 13 हजार से अधिक लापता, 50,000 अब भी फंसे

उत्तराखंड तबाही: 13 हजार से अधिक लापता, 50,000 अब भी फंसे

उत्तराखंड तबाही: 13 हजार से अधिक लापता, 50,000 अब भी फंसेज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसी

देहरादून : उत्तराखंड में बाढ़ की वजह से विभिन्न स्थानों पर फंसे कुल 33,192 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि पहाड़ियों में लापता एवं फंसे हजारों लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

बाढ़ से बुरी तरह बर्बाद हुए केदारनाथ से करीब-करीब सभी लोगों को निकाल लिया गया है। आज प्रमुख रूप से राहत एवं बचाव कार्य गौरीकुंड एवं रामबाड़ा में चलाया जाएगा। समझा जाता है कि रामबाड़ा में पांच हजार से अधिक लोग फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम आज सुबह रामबाड़ा पहुंच गई।

गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार विभिन्न स्थानों पर कुल 50,422 तीर्थयात्री अब भी फंसे हुए हैं जबकि 13 हजार से अधिक लोगों को लापता बताया जा रहा है।

सेना, वायु सेना, एनडीआरएफ, सहस्त्र सेना बल एवं उत्तराखंड सरकार के कर्मियों एवं हेलीकॉप्टरों की मदद से तलाशी, बचाव एवं राहत कार्य चलाया जा रहा है।

राहत और बचाव अभियानों में तेजी लाते हुए रक्षा मंत्रालय ने सेना और नौसेना के 45 से ज्यादा हेलीकॉप्टर और 10,000 सैनिकों को वर्षा से घिरे पर्वतीय राज्य में तैनात किया है।

भारतीय वायुसेना ने राज्य में 20 एम आई-17 और 16 आधुनिक हलके हेलीकॉप्टर लगाए थे, जो अब तक 1,500 से ज्यादा मुसीबतजदा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुके हैं।

सेना ने सीमा सड़क संगठन के 3,000 जवानों के साथ ही 8,000 से ज्यादा अपने जवानों को राज्य में तैनात किया है। रक्षा मंत्रालय अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। संपर्क और संचार व्यवस्था ठीक न होने के कारण राज्य के बाहर से आये अनेक तीर्थयात्रियों के रिश्तेदार अपने परिजन का पता लगाने के लिए मारे-मारे घूम रहे हैं।

First Published: Friday, June 21, 2013, 10:36

comments powered by Disqus