उत्तराखंड में राहत एवं बचाव कार्य पूरी रफ्तार पर

उत्तराखंड में राहत एवं बचाव कार्य पूरी रफ्तार पर

देहरादून : हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश से आई आपदा के कारण उत्तराखंड में आज राहत और बचाव कार्य को और तेज कर दिया गया जहां सबसे बुरी तरह प्रभावित केदारनाथ और अन्य क्षेत्रों से लोगों को निकालने का काम अनेक एजेंसियां कर रहीं हैं। इस भीषण आपदा में मृतकों की संख्या कई सौ होने की आशंका है।

बादल फटने और बाढ़ की आपदा से जूझ रहे राज्य के अनेक इलाकों में अब भी 50,000 से ज्यादा लोग फंसे हुए बताए जाते हैं। इस तबाही ने सैकड़ों घरों, अतिथिगृहों और इमारतों को लील लिया तथा कई हजार लोग लापता हैं। आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या 150 बताई गई है, लेकिन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि मरने वालों का आंकड़ा कई सौ में हो सकता है जो इलाकों तक संपर्क सुगम होने और पानी का स्तर घटने के बाद ही पता चलेगा।

राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन केंद्र ने सुबह कहा था कि 90 धर्मशालाओं के बाढ़ में बह जाने से हजारों तीर्थयात्रियों के मरने की आशंका है। खराब संपर्क और संचार व्यवस्था के चलते राज्य के बाहर से आये अनेक तीर्थयात्रियों के रिश्तेदार अपने परिजनों का पता लगाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं।

उत्तराखंड के प्रधान सचिव (गृह) ओम प्रकाश ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अलग अलग जगहों से 1,000 लोगों को बचा लिया गया है। केदारनाथ घाटी में और इसके आसपास करीब 200 लोग अब भी फंसे हुए हैं और कल उन्हें निकाला जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Thursday, June 20, 2013, 23:41

comments powered by Disqus