Last Updated: Tuesday, July 16, 2013, 20:10

कोलकाता : भाजपा की राष्ट्रीय चुनाव अभियान समिति के प्रमुख का पद संभालने के बाद पहली दफा ओडिशा दौरे पर आए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों राज्यों के बीच ‘मजबूत संबन्ध’ बनाने की जरूरत पर जोर दिया। ओड़िशा में मंगलवार को मोदी का भव्य स्वागत किया गया।
सोशल नेटवर्किंग साइट ‘फेसबुक’ पर मोदी ने लिखा, ‘खूबसूरत राज्य ओड़िशा में वक्त बिताना शानदार रहा। पुरी में भगवान जगन्नाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की। गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं ओड़िशा के लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं।’ मोदी ने कहा कि उन्होंने राज्य में अपने मित्रों के साथ गुजरात और ओडिशा के बीच मजबूत संबन्ध बनाने पर चर्चा की।
भाजपा नेता ने कहा, ‘द्वारका और पुरी भगवान विष्णु के दो अवतार से जुड़े हैं। भगवान विष्णु द्वारका में भगवान कृष्ण के रूप में पधारे और पुरी में महाप्रभु जगन्नाथ के रूप में आए..पश्चिम तट पर द्वारका पीठ और पूर्व तट पर पुरी के गोवर्धन पीठ की स्थापना आदि शंकराचार्य ने की।’
स्वदेशी आंदोलन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि बालेश्वर के इंचुडी में हुआ नमक सत्याग्रह महात्मा गांधी की दांडी यात्रा के बाद सबसे बड़ा माना जाता है।
मोदी ने ओड़िशा के उन कुशल दस्तकारों की भी तारीफ की जिन्होंने गुजरात के कपड़ा उद्योग के फलने-फूलने में अहम भूमिका निभायी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, July 16, 2013, 20:10