ओडिशा में भारी बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त

ओडिशा में भारी बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त

भुवनेश्वर : ओडिशा के कुछ हिस्सों में बीते दो दिन से हो रही भारी बारिश के कारण जीवन अस्त-व्यस्त है। इसके चलते जहां सड़क यातायात बाधित हुआ है, वहीं धान की फसल को भी नुकसान पहुंचना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शनिवार को दी। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एस. सी. साहू ने बताया, बंगाल की खाड़ी में आए नीलम चक्रवात के कमजोर पड़ने के बावजूद प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश हो रही है। कुछ स्थानों पर वर्षा लगातार जारी है।

उन्होंने कहा, प्रदेश के गोपालपुर में शुक्रवार को सबसे अधिक 123 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, वहीं तटीय शहरों पुरी और बेरहामपुर में क्रमश: 116.8 मिलीमीटर और 82 मिलीमीटर वर्षा मापी गई। प्रदेश की राजधानी भुवनेश्वर में भी जोरदार वर्षा का दौर जारी है। यहां लगभग 88 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। शहर के नजदीकी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात ठप्प हो गया था। राज्य के कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वर्षा के कारण कई स्थानों विशेषकर तटीय क्षेत्र में धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर पांच नवम्बर तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, November 3, 2012, 13:38

comments powered by Disqus