Last Updated: Sunday, January 27, 2013, 14:32
श्रीनगर : कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में शीतलहर जारी है और न्यूनतम तापमान हिमांक (जमाव के बिंदु) से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहने की वजह से यहां जानलेवा सर्दी पड़ रही है और आपूर्ति लाइनों में, जल निकायों में तथा विश्व प्रसिद्ध डल झील में पानी जम गया है।
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख का लेह शहर राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां रात को तापमान शून्य से नीचे 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख के सीमाई क्षेत्र करगिल में रात को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 14.4 डिग्री सेल्सियस था। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बीती रात मौसम की सर्वाधिक सर्द रात रही जब न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.8 डिग्री दर्ज किया गया।
दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान कल शून्य से नीचे आठ डिग्री था जो आज शून्य से नीचे 8.2 डिग्री हो गया। कोकरनाग में रात का तापमान शून्य से नीचे 8.3 डिग्री दर्ज किया गया जो कल शून्य से नीचे 10.2 डिग्री था। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दक्षिण कश्मीर में पहलगाम रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.4 डिग्री सेल्सियस और स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि माह के अंत तक मौसम शुष्क रहेगा और शीतलहर भी जारी रहेगी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 27, 2013, 14:32