कश्मीर में कड़कड़ाती ठंड से लोगों को राहत - Zee News हिंदी

कश्मीर में कड़कड़ाती ठंड से लोगों को राहत

 

श्रीनगर : रात के तापमान में कुछ डिग्री की बढ़ोतरी के साथ कश्मीर घाटी के निवासियों को कड़कड़ाती हुई ठंड से कुछ राहत मिली है। लेकिन पूरे क्षेत्र में तापमान अभी भी शून्य से काफी नीचे है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर में न्यूनतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 14.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।

 

नजदीकी करगिल शहर में रात का तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने कल और उसके अगले दिन हिमपात होने की भविष्यवाणी की है।

 

लेह शहर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 18.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। रविवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो इस मौसम में दूसरी बार अपने न्यूनतम स्तर पर था।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 3, 2012, 13:45

comments powered by Disqus