Last Updated: Friday, December 23, 2011, 09:03
श्रीनगर: कश्मीर घाटी में भीषण सर्दी पड़ रही है और स्कींईंग रिसोर्ट गुलमर्ग में गुरुवार को इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जब पारा शून्य से 12 डिग्री नीचे सरक गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के स्कीईंग रिसोर्ट गुलमर्ग में सीजन की सबसे ठंडी रात रही और पारा शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस कम रहा। गुरुवार को के मुकाबले तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में भी न्यूनतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में सर्दियों का 40 दिन का सबसे शदीद वक्फा चिल्लई कलां 21 दिसंबर से शुरू हो गया। लद्दाख क्षेत्र के लेह जिले में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से 17.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। गुरुवार के तापमान के मुकाबले शुक्रवार को 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
अधिकारी के अनुसार इसके निकटवती करगिल जिले में तापमान माइनस 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान अभी शून्य से नीचे ही बना हुआ है। वहां पारा जमाव बिंदु से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार घाटी का मौसम अभी एक और दिन खुष्क बना रहेगा।
(एजेंसी)
First Published: Friday, December 23, 2011, 14:33