Last Updated: Saturday, January 21, 2012, 16:20
जालंधर : पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा गठबंधन की ओर से खुद को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बताते हुए सूबे के निवर्तमान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने यहां कहा कि कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री बनने की लड़ाई चल रही है और हर दूसरा नेता मुख्यमंत्री बनने की सोच रहा है।
जालंधर छावनी के अकाली दल उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा, ‘जब से चुनाव की घोषणा हुई है तब से शिअद और भाजपा मेरे बारे में कह रही है कि मैं ही मुख्यमंत्री बनूंगा लेकिन कांग्रेस में हर कोई खुद को मुख्यमंत्री का दावेदार बता रहा है।’ बादल ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री बीबी राजिंदर कौर भट्टल शपथ लेने के लिए सूट सिलवा रही हैं जबकि कैप्टन अमरिंदर सिंह अलग ताल ठोक रहे हैं। उनकी पत्नी बीबी परणीत कौर सोनिया जी से मुख्यमंत्री बनाने की बात कर रही हैं। प्रताप सिंह बाजवा अलग राग अलाप रहे हैं।’
मुख्यमंत्री ने कपूरथला में हाल ही में सोनिया के आरोपों के बारे में कहा, ‘वह कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा लिखित भाषण पढ़ कर चली गईं। बीबी जी ने आरोप लगाया कि पंजाब को बहुत पैसा दिया लेकिन कब दिया ये नहीं कहा। पंजाब को देने की बात छोड़िये, जो हमारा हक बनता था उसे भी नहीं दिया। सूबे से पानी छीन लिया। पैसा कम कर दिया। अनाज ले लिया। जो हमारा था वह भी ले लिया। हमेशा से पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।’
(एजेंसी)
First Published: Saturday, January 21, 2012, 21:50