'कांग्रेस रखेगी अखिलेश सरकार पर नजर' - Zee News हिंदी

'कांग्रेस रखेगी अखिलेश सरकार पर नजर'


नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अखिलेश सरकार की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखेगी। इसके साथ ही पार्टी राज्य के लोगों के लिए संघर्ष करना जारी रखेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख रीता बहुगुणा जोशी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अखिलेश सरकार द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर नजर रखेगी। जोशी इन दिनों पार्टी महासचिव राहुल गांधी के साथ विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के कारणों पर विचार करने के लिए दिल्ली में हैं। जोशी ने पत्रकारों से बताया कि हम लोगों के कल्याण के लिए संघर्ष करना जारी रखेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से हम अखिलेश सरकार की गतिविधियों की निगरानी करेंगे।

 

राहुल गांधी ने पार्टी के सांसदों, विधायकों एवं 20000 से अधिक मत पाए 150 उम्मीदवारों के साथ चुनाव परिणामों पर विचार किया। गांधी ने कार्यकर्ताओं से 2014 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए एकजुट होकर तैयारी शुरू करने का आह्वान किया। गांधी ने राज्य इकाई में फेरबदल के भी संकेत दिए हैं। इससे पहले महासचिव ने गुरुवार को 20,000 से अधिक मत पाकर हारे प्रत्याशियों से मुलाकात कर पार्टी की करारी के विषय में उनके विचार जाने। उन्होंने शुक्रवार को पार्टी विधायकों से मुलाकात की और इसके बाद सांसदों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।

 

विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी की यह पहली चिंतन बैठक है। गांधी ने विधानसभा चुनाव अभियान का नेतृत्व किया था। पार्टी ने 403 सदस्यीय विधानसभा में पिछले बार से छह अधिक 28 सीटें जीती हैं।

(एजेंसी)

First Published: Friday, April 6, 2012, 18:27

comments powered by Disqus