'किसी के कामकाज का मूल्‍यांकन एक साल में नहीं' - Zee News हिंदी

'किसी के कामकाज का मूल्‍यांकन एक साल में नहीं'



नई दिल्ली : पृथ्वीराज चव्हाण के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में एक साल का कार्यकाल पूरा करने के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख ने कहा कि किसी के कामकाज के मूल्यकांन के लिए एक साल का समय बहुत कम है।

 

केंद्रीय विज्ञान और तकनीकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्री ने कहा कि एक साल का समय पर्याप्त नहीं है। वह दिल्ली से मुंबई गए। उन्हें राज्य को समझने के लिए समय दिया जाना चाहिए। एकदम नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए। किसी को अपनी योग्यता साबित करने के लिए दो-तीन साल का समय दिया जाना चाहिए।

 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देशमुख ने कहा कि चव्हाण ने किसी को खुश करने के लिए फैसले नहीं लिए। उन्होंने जरूरी और जनता के हित में निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि चव्हाण अपनी बहुत ही साफ छवि और विशेष कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। देशमुख महाराष्ट्र सरकार के प्रदर्शन को लेकर चव्हाण की कार्यशैली और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के बीच तुलनात्मक रिपोर्टों से संबंधित सवालों का जवाब दे रहे थे।

 

उन्होंने कहा कि मीडिया वह तस्वीर पेश कर रहा है जो उप मुख्यमंत्री ने चव्हाण की बनाई है। उल्लेखनीय है कि पृथ्वीराज चव्हाण ने गत वर्ष 11 नवंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यभाल संभाला था। वह आदर्श सोसाइटी घोटाले में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद इस्तीफा देने वाले अशोक चव्हाण के स्थान पर मुख्यमंत्री बने थे।

(एजेंसी)

First Published: Friday, November 4, 2011, 18:20

comments powered by Disqus