Last Updated: Friday, August 24, 2012, 16:11
गुवाहाटी : असम के बोडोलैंड क्षेत्रीय जिला समूह (बीटीएडी) के अंतर्गत आने वाले कोकराझार इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इस इलाके में गुरुवार सुबह से ही अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा हुआ है।
गुरुवार तड़के बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) विधायक प्रदीप बह्मा की गिरफ्तारी से स्थिति तनावपूर्ण हो जाने के बाद कर्फ्यू लगाया गया था। बह्मा की गिरफ्तारी साम्प्रदायिक हिंसा में कथित भूमिका के आरोप में हुई थी।
कोकराझार की एक अदालत ने बह्मा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बीपीएफ ने बह्मा की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को कोकराझार जिले में अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान किया। बीपीएफ सत्तारूढ़ कांग्रेस का एक साझेदार दल है। विधायक की गिरफ्तारी के बाद इस दल ने कांग्रेस के साथ रिश्ता तोड़ने की चेतावनी भी दे दी है।
इस दल ने हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है।
पुलिस ने बताया कि ब्रह्मा के खिलाफ जिले के दो पुलिस थानों में सात मामले दर्ज होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। कथित तौर पर उनकी भूमिका बोडो समुदाय और बांग्लाभाषी मुस्लिम शरणार्थियों के बीच हिंसा भड़काने में रही है। यह हिंसा पश्चिम असम के तीन जिलों- कोकराझार, चिरांग और धुबरी तक फैल गई थी, जिसमें 77 लोग मारे गए थे तथा चार लाख से अधिक लोग विस्थापित हो गए थे।
उल्लेखनीय है कि बीपीएफ बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद (बीटीसी) में सत्ता में है। यह परिषद बीटीएडी के चार जिलों प्रशासन चला रही है। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 24, 2012, 16:11