झारखंड में सरकार गठन की कवायद, सोनिया से आज मिलेंगे हेमंत सोरेन

झारखंड में सरकार गठन की कवायद, सोनिया से आज मिलेंगे हेमंत सोरेन

झारखंड में सरकार गठन की कवायद, सोनिया से आज मिलेंगे हेमंत सोरेन ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

रांची/नई दिल्‍ली : मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा के इस्‍तीफे और विधानसभा भंग करने की सिफारिश के बाद झारखंड में नई सरकार के गठन को लेकर कवायद शुरू हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के बीच नई गठबंधन के उभरने के आसार हैं। इसी क्रम में उप मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। गौर हो कि हेमंत सोरेन समेत कई नेता मंगलवार रात दिल्ली पहुंच गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने मंगलवार को कहा था कि अगर झामुमो ने सूबे में सरकार बनाने का प्रस्ताव रखा तो उस पर विचार किया जाएगा।

उधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बनाने का दावा करेगी और उन्हें आशा है कि कांग्रेस उसे समर्थन देगी। मंगलवार को राजभवन में झामुमो की ओर से अर्जुन मुंडा सरकार से समर्थन वापसी का पत्र राज्यपाल को देने के बाद अपने आवास पर शिबू सोरेन ने पत्रकारों से के सवाल के जवाब में यह बात कही।

वहीं, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप बालमुचु ने स्पष्ट कर दिया कि उनकी पार्टी राज्य में सत्ता के पीछे नहीं भाग रही है। अलबत्ता राज्य में यदि झामुमो नई सरकार बनाना चाहेगी तो उसका साथ दिया जाएगा। बालमुचु ने मंगलवार को राज्य में मुंडा सरकार को गिराने में कांग्रेस की भूमिका के बारे में पूछने पर कहा कि यह अनर्गल बयान है क्योंकि मुंडा सरकार गठबंधन सहयोगियों के आपसी विवाद के चलते गिर गयी। हां अब यदि झामुमो नयी सरकार बनाने के लिए उचित प्रस्ताव लेकर आती है तो कांग्रेस उसका साथ देगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो का साथ देने में कांग्रेस को परहेज नहीं होगा क्योंकि केंद्र सरकार में झामुमो संप्रग सरकार के साथ ही रहा है।

First Published: Wednesday, January 9, 2013, 09:28

comments powered by Disqus