Last Updated: Tuesday, September 11, 2012, 18:01

ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई: ठाकरे परिवार को बिहार का बताने वाले कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह पर शिवसेना ने पलटवार किया है। पार्टी के मुखपत्र सामना के हिंदी संस्करण में छपे कॉलम में लिखा गया है कि दिग्विजय सिंह के पूर्वज अंग्रेजों और मुगलों के मुखबिर थे।
शिवसेना के मुखपत्र सामना के एक लेख में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के पूर्वजों को दगाबाज बताया गया है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि वे मुगलों और अंग्रेजों के मुखबिर थे। लेख में ठाकरे के पूर्वजों की खूब तारीफ गई है। लेख में कहा गया है कि शिवाजी की सेना में ठाकरे के पूर्वजों का अहम स्थान रहा है। साथ ही दिग्विजय सिंह को खिंची कुल का बताया गया है। इसमें लिखा गया है कि ठाकरे कुल पर आरोप लगाने वाले दिग्विजय सिंह का कुल भी जाच लिया जाए।
पिछले कुछ दिनों से दिग्विजय सिंह और ठाकरे परिवार के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। विवाद तब शुरू हुआ जब दिग्विजय सिंह ने यह कहा कि बिहारियों का विरोध करने वाला ठाकरे परिवार खुद बिहार से आया है। इसके लिए उन्होंने ठाकरे परिवार पर लिखी किताब का हवाला भी दिया। दिग्विजय के इस बयान से तिलमिलाए उद्धव ठाकरे ने उन्हें पागल तक कह डाला। पिछले दिनों दिग्विजय सिंह ने इस बात को साबित करने के लिए कि ठाकरे परिवार बिहार से हैं, एक किताब मीडिया के सामने पेश भी किया था जिसे उद्धव ठाकरे ने खारिज कर दिया था।
First Published: Tuesday, September 11, 2012, 18:01