Last Updated: Saturday, September 21, 2013, 18:00
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को हुई हल्की और कहीं-कहीं भारी बारिश ने शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। बारिश और हवाओं के चलने से शनिवार को दिल्ली का मौसम काफी खुशगवार हो गया। पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी दिल्ली में जहां भारी बारिश हुई, वहीं पूर्वी दिल्ली में हल्की बारिश देखी गई और उत्तरी दिल्ली के इलाके को आसमान पर छाए बादलों से ही संतोष करना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, `दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा।` शुक्रवार का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश होने से दिल्ली में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सुबह का तापमान औसत से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग ने आज तेज बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ और बारिश हो सकती हैं।
तेज बारिश होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह मौसम सामान्य होने की वजह से लोग तैयारी के साथ नहीं निकले थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और हल्की फुहारों के साथ शुरू हुई बारिश धीरे-धीरे तेज होती चली गई। इसके चलते कई इलाकों में सड़कों में जलभराव हो गया। जलभराव से राजधानी व एनसीआर के कई इलाकों में जाम की स्थिति पैदा हो गई।
First Published: Saturday, September 21, 2013, 17:59