Last Updated: Tuesday, May 7, 2013, 16:03
नई दिल्ली : भाजपा ने मंगलवार को उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के दो वार्डों के उपचुनावों में जीत हासिल की। नांगलोई पूर्व (वार्ड संख्या 43) में भाजपा की रेनू शौकीन ने 4,758 मतों के अंतर से कांग्रेसी प्रत्याशी को पीछे छोड़ दिया। रेनू को कुल 15,887 मत पड़े जबकि उनकी करीबी प्रतिद्वंदी कांग्रेसी प्रत्याशी रमेश देवी को 11,129 मत पड़े।
यमुना विहार (वार्ड संख्या 256) में भाजपा ने 4,317 मतों के अंतर से अपनी सीट बनाए रखी। भाजपा की आशा तायल को कुल 13,123 मत पड़े जबकि कांग्रेस की सुशीला अग्रवाल को 8,806 मत हासिल हुए।
नांगलोई पूर्व की सीट पहले कांग्रेसी पाषर्द सत्यम यादव के पास थी। उनका निधन पिछले साल हो गया था। भाजपाई पाषर्द विजय बहल की इस साल फरवरी में मृत्यु हो जाने के कारण यमुना विहार वार्ड में उपचुनाव कराए गए। इन दोनों वार्डों के लिए मतदान पांच मई को कराया गया। 50 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और इस मतदान के नतीजे आज घोषित किए गए। भाजपा और कांग्रेसी प्रत्याशी समेत कुल चार प्रत्याशी नांगलोई सीट की दौड़ में थे जबकि यमुना विहार के लिए कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन भरा था।
इस समय उत्तरी और पूर्वी नगर निगम दोनों में भाजपा स्पष्ट बहुमत में है लेकिन इन उपचुनावों को इस साल नवंबर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, May 7, 2013, 16:03