दिल्‍ली बीजेपी के चुनाव अभियान की आज शुरुआत करेंगे राजनाथ सिंह । Rajnath Singh to kick off BJP`s poll campaign in Delhi today

दिल्‍ली बीजेपी के चुनाव अभियान की आज शुरुआत करेंगे राजनाथ सिंह

दिल्‍ली बीजेपी के चुनाव अभियान की आज शुरुआत करेंगे राजनाथ सिंह नई दिल्ली : दिल्ली में 15 साल के अंतराल के बाद सत्ता में लौटने को व्याकुल भाजपा मंगलवार को यहां एक रैली में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी। आज पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है।

भाजपा की दिल्ली इकाई ने कहा कि तालकटोरा स्टेडियम में रैली को पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता और भाजपा के दिल्ली के चुनाव प्रभारी नितिन गडकरी भी शामिल होंगे। राजनाथ सिंह इस मौके पर दिल्ली के लिए एक ‘विकास एजेंडा’ को प्रस्तुत कर सकते हैं। रैली में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल, विजय कुमार मल्होत्रा, विजेंद्र गुप्ता और हषर्वर्धन आदि भी भाग लेंगे।

इससे पहले मोदी की दीर्घायु की प्रार्थना के लिए और नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के लिए सुबह प्रदेश कार्यालय में हवन किया जाएगा। दिल्ली भाजपा ने 29 सितंबर को रोहिणी में भी एक रैली का आयोजन किया है जिसे मोदी के साथ अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।

विजय गोयल ने दावा किया, यह ऐतिहासिक रैली होगी और इसमें कम से कम 4-5 लाख लोग भाग लेंगे। हम इसे मोदी की सबसे बड़ी और प्रभावशाली रैली बनाने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली भाजपा ने रैली की सफलता के लिए पहले ही कई समितियों का गठन किया है। गोयल ने बताया कि भाजपा के चुनाव अभियान में महंगाई, दिल्ली सरकार द्वारा बिजली और पानी की दरों में वृद्धि, ग्रामीण इलाकों में विकास की कमी, अनाधिकृत कॉलोनियों तथा शीला दीक्षित सरकार के कथित भ्रष्टाचार पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ‘घर-घर भाजपा’ के नारे के साथ हर घर में जाएंगे और पिछले 15 साल में कांग्रेस सरकार के ‘कुशासन’ को उजागर करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, September 17, 2013, 11:37

comments powered by Disqus