Last Updated: Monday, June 17, 2013, 23:38
नई दिल्ली : लगातार और भारी बारिश तथा हरियाणा से पानी छोड़े जाने के चलते यमुना में जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने सोमवार को नदी के किनारे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालना शुरू कर दिया।
मुख्य सचिव डीएम सपोलिया ने राजस्व विभाग को कल दोपहर 12 बजे तक लोगों को निचले इलाकों से निकालने तथा प्रशासन को किसी संभावित आपदा के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।
सपोलिया ने बताया कि हरियाणा ने आज सुबह यमुनानगर के समीप हथिनीकुंड बैराज से आठ लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी यमुना में छोड़ा है और इस पानी के अगले 36 घंटों में दिल्ली पहुंचने की संभावना है। एक बैठक में सपेालिया ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देश जारी कर उचित समन्वय सुनिश्चित करने को कहा है क्योंकि यमुना के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
इस बैठक में तीनों नगर निगमों के आयुक्तों, दिल्ली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्य सचिव ने बताया कि उन्होंने राजस्व विभाग से आज आधी रात से प्रभावित लोगों को आश्रय मुहैया कराने के लिए राहत शिविर स्थापित करने को कहा है। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 17, 2013, 23:38