पीएम का बाढ़ग्रस्‍त उत्तराखंड को मदद का भरोसा

पीएम का बाढ़ग्रस्‍त उत्तराखंड को मदद का भरोसा

नई दिल्ली : उत्तराखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर बने रहने के बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को बाढ़ग्रस्त राज्य में राहत और बचाव अभियानों में तमाम सहायता देने का आश्वासन दिया।

प्रधानमंत्री ने आज शाम को मुख्यमंत्री से बात की और राज्य में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, बहुगुणा और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से बात की और दोनो राज्यों के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए शीघ्र और उचित राहत उपाय करने का निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री ने केन्द्र सरकार की सभी एजेंसियों को राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियानों में मदद करने को कहा। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री उत्तराखंड के उन लोगों की पीड़ा और कष्ट को समझते हैं, जिन्होंने बाढ़ में अपना सब कुछ गंवा दिया। सेना और वायुसेना द्वारा बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और राहत प्रदान करने के काम में लगा दिया गया है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, June 18, 2013, 23:15

comments powered by Disqus