Last Updated: Thursday, January 12, 2012, 15:26
चंडीगढ़ : पंजाब का बादल परिवार करोड़ों रुपये की संपत्ति का मालिक है, इसमें किसी को कोई शक नहीं होगा, पर आपको यह जानकर जरूर आश्चर्य होगा कि इस परिवार के मुखिया यानी मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पास उनके बेटे और बहू की तुलना में काफी कम संपत्ति है।
पंजाब में 30 जनवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य के कई शीर्ष नेताओं ने अपनी सम्पत्ति के संदर्भ में निर्वाचन आयोग के समक्ष जो हलफनामा दिया है, उसमें यह सच्चाई सामने आई है।
हलफनामों के मुताबिक पंजाब के दो शीर्ष राजनीतिक परिवारों के पास तकरीबन 250 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के पास 76 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल के पास 15.38 करोड़ रुपये की संपत्ति है। सुखबीर फिरोजपुर के सीमावर्ती जिले जलालाबाद से चुनाव लड़ रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि बादल दम्पति के पास कुल 91.38 करोड़ रुपये की संपत्ति होने के बावजूद उनके पास कार नहीं है। सुखबीर के पास वाहन के नाम पर सिर्फ एक ट्रैक्टर है। वैसे यह दूसरी बात है कि बादल दम्पति गुड़गांव में दो भव्य होटलों का मालिक है। इन दोनों होटलों की देख-रेख की सारी जिम्मेदारी ओबेरॉय समूह की है। ओबेरॉय समूह देश की शीर्ष होटल प्रबंधन कंपनियों में से एक है।
सुखबीर के पिता और प्रदेश के मुख्यमंत्री 84 वर्षीय प्रकाश सिंह बादल के पास बेटे व बहू की तुलना में काफी कम संपत्ति है। हलफनामे के मुताबिक उनके पास महज सात करोड़ रुपये की ही संपत्ति है। प्रकाश सिंह बादल लाम्बी विधानसभा सीट से पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब (पीपीपी) के उम्मीदवार अपने छोटे भाई गुरदास बादल और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अपने चचेरे भाई महेसिंदर सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। 81 वर्षीय गुरदास बादल के पास 20 करोड़ की संपत्ति है। वह बड़े भाई प्रकाश सिंह बादल की तरह कभी चर्चा में नहीं रहे।
सुखबीर के साले और अमृतसर के निकट मजीठा से विधायक विक्रम सिंह मजीठिया भी मुख्यमंत्री बादल से अधिक अमीर हैं। उनके पास 11.21 करोड़ रुपये की संपत्ति है। पटियाला विधानसभा सीट से अपना भाग्य आजमाने वाले कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पास 45.74 करोड़ रुपये की संपत्ति है। कांग्रेस की ही वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राजेन्द्र कौर भट्टल के पास तीन करोड़ रुपये की संपत्ति है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ रही सांसद नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के पास 2.38 करोड़ रुपये और जालंधर के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार व पूर्व मंत्री अवतार हेनरी के पास 14 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
First Published: Thursday, January 12, 2012, 20:56