Last Updated: Sunday, February 17, 2013, 22:28
नवी मुंबई : बिल्डर एस.के. लोहारिया की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को एक पूर्व पुलिस अधिकारी सैमुएल अमोलिक को गिरफ्तार किया।
नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त ए.के. शर्मा ने बताया कि अमोलिक और एक अन्य अभियुक्त वेकेंटेश शेट्टियार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 22 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
नवी मुंबई के बिल्डर एस.के. लोहारिया की शनिवार को वाशी इलाके में उनके दफ्तर के बाहर सुरक्षा गार्ड की वर्दी में आए दो लोगों ने गोली मार दी थी।
52 वर्षीय लोहारिया रियल्टी कंपनी एस.के. ब्रदर्स के निदेशक थे। यह कंपनी नवी मुंबई में आवासीय और कमर्शियल काम्प्लेक्स बनाती है।
वारदात की सारी घटनाएं लोहारिया के दफ्तर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा में दर्ज है।
स्थानीय लोगों ने शेट्टियार को गोली चलाने के तुरंत बाद पकड़ लिया था लेकिन उसका सहयोगी मोटरसाइकिल से फरार हो गया था। सीसीटीवी के फुटेज से शेट्टियार की अभियुक्तों में से एक होने की पुष्टि होती है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह शेट्टियार ही था जिसने पुलिस को अमोलिक तक ले गया।
पुलिस के मुताबिक अमोलिक मुंबई पुलिस में `एन्काउंटर स्पेशलिस्ट` रह चुका है। अंडरवर्ल्ड से संबंध होने के कारण उसे 2003 में गिरफ्तार और निलंबित किया गया था। लेकिन कुछ ही महीनों बाद उसका निलंबन खत्म हो गया और वह काम पर लौट आया। वह अंतिम रूप से मुंबई में सेवा करने के बाद 2011 में सेवानिवृत्त हुआ था।
उधर, लोहारिया के भाई संजीव ने दावा किया कि हत्यारों ने सात लोगों का नाम बताया है, जिनका उनके भाई के साथ कुछ मुकदमों को लेकर झगड़ा था।
लोहारिया के बेटे संदीप ने कहा कि उनके पिता ने पॉम बीच रोड और नवी मुंबई की इमारतों में इस्तेमाल अवैध फ्लूर स्पेश इंडेक्स को लेकर मकदमा किया था। इस मुकदमे में जिन्हें अपराधी बनाया गया है, वे ही लोग उसके पिता की हत्या में शामिल हैं।
उसने बताया, "हम उनका अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे, जब तक पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लेती।" (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 17, 2013, 22:28