Last Updated: Wednesday, December 26, 2012, 15:55
पटना : बिहार में राजधानी पटना सहित अधिकांश क्षेत्रों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। उत्तर-पश्चिम से आ रही हवाओं के कारण दिन में आसमान साफ रहने के बावजूद अत्यधिक ठंड महसूस हो रही है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारी के अनुसार प्रदेश में हिमालय की ओर से आ रही पछुआ हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। बुधवार को सात से आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की सम्भावना है। हवा की रफ्तार बढ़ने से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी, लेकिन इसके बावजूद ठंड बनी रहेगी। बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।
अधिकारी ने बताया कि अगले चार दिन तक अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, December 26, 2012, 15:55