Last Updated: Friday, November 16, 2012, 14:47
भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य प्यारी मोहन मोहपात्रा को राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) से बाहर का रास्ता दिखा दिया। पार्टी-विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें करीब छह महीने पहले निलम्बित किया गया था और अब बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। पटनायक ने यहां पार्टी की कार्यकारी समिति की बैठक के बाद महासचिव जगनेश्वर बाबू को भी पार्टी से निकाल दिया।
बैठक के बाद उन्होंने यहां पत्रकारों को बताया कि प्यारीमोहन मोहपात्रा व जगनेश्वर बाबू को बीजद से निकाल दिया गया है। मोहपात्रा बीते करीब एक दशक से पटनायक के अनाधिकृत सलाहकार थे। उन्हें 29 मई की मुख्यमंत्री को सत्ता से बेदखल करने की उनकी असफल साजिश के चलते निलम्बित किया गया था।
पटनायक के नेतृत्व को चुनौती देते हुए मोहपात्रा ने ओडिशा जन मोर्चा (ओजेएम) गठित किया था, जिसे एक राजनीतिक मंच बताया गया। मोहपात्रा ने कहा था कि वह राज्य के सत्तारूढ़ दल में आंतरिक लोकतंत्र लाना चाहते हैं इसलिए उन्होंने ओजेएम गठित किया है। इस घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए ओजेएम नेता मिहिर मोहंती ने कहा कि पार्टी के संविधान के मुताबिक पटनायक बीजद अध्यक्ष नहीं हैं। वर्ष 2010 से पार्टी की कार्यकारी समिति की कोई बैठक नहीं हुई है इसलिए शुक्रवार को हुई बैठक अवैध है। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 16, 2012, 14:47