मुंबई गैंगरेप केस में एक आरोपी गिरफ्तार : पुलिस आयुक्त

मुंबई गैंगरेप केस में एक आरोपी गिरफ्तार : पुलिस आयुक्त

मुंबई गैंगरेप केस में एक आरोपी गिरफ्तार : पुलिस आयुक्तज़ी मीडिया ब्यूरो
मुंबई : मुंबई पुलिस ने महिला फोटोग्राफर से गैंगरेप की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए कहा है कि गैंगरेप के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गैंगरेप पीड़िता के दोस्त ने इस आरोपी की पहचान कर ली है।

मुंबई पुलिस के कमिश्नर डॉ. सत्यपाल सिंह ने आज दोपहर डेढ़ बजे एक प्रेस कांफ्रेंस में इस बात का खुलासा किया कि स्केच के आधार पर एक आरोपी को पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपी का नाम अब्दुल सत्तार उर्फ चांद बाबू है। बाकी आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है पर नाम बताना अभी ठीक नहीं है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि इनमें से 2 आरोपियों के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

सिंह ने बताया कि यह घटना गुरुवार शाम 6.00 से 6.30 के बीच हुई है। लड़की अपने दोस्त के साथ शक्ति मिल गई थी। मिल में दो आरोपी पहले से ही मौजूद थे और फोन करके तीन और आरोपियों को बुला लिया था।
घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मुंबई पुलिस की 20 टीमों ने त्वरित कार्रवाई कर गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस आयुक्त ने लोगों से सहयोग मांगा है।

मालूम हो कि मुंबई के महालक्ष्मी इलाके में गुरुवार रात एक इंटर्न महिला फोटो पत्रकार के साथ पांच लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया था। पुलिस ने करीब 20 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और पांच आरोपियों के स्कैच भी जारी किए गए थे।

पुलिस के मुताबिक यह घटना गुरुवार देर शाम लोवर परेल में शक्ति मिल के पास हुई। पीड़िता एक अंग्रेजी पत्रिका के लिए काम करती है और वह ‘चॉल’ पर एक स्टोरी कर रही थी। 22 साल की पीड़ित लड़की के साथ उस वक्त गैंगरेप किया गया जब वो अपने दोस्त के साथ शक्ति मिल में फोटोशूट के लिए गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने उसके दोस्त को बांध दिया और युवती के साथ पांच लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। पीड़िता को जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

First Published: Friday, August 23, 2013, 11:24

comments powered by Disqus