मुंबई में भारी बारिश, हाईटाइड की चेतावनी

मुंबई में भारी बारिश, हाईटाइड की चेतावनी

मुंबई में भारी बारिश, हाईटाइड की चेतावनीज़ी मीडिया ब्यूरो
मुंबई: मुंबई में रविवार को मॉनसून ने दस्तक दे दी है। कल से हो रही भारी बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज हाईटाइड की चेतावनी दी है। महानगर मुंबई में लगातार भारी बारिश होने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और रेल एवं सड़क यातायात के बाधित होने से आफिस जाने वाले लाखों लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। बीएमसी सूत्रों ने बताया कि व्यस्त ईस्टर्न एक्सप्रेसवे पर यातायात काफी धीमा था वहीं माहिम, माटुंगा, भोइवाडा, कुर्ला, सायन, दादर, हिन्दमाता इलाकों में जलजमाव होने से सड़कें पानी में डूब गई हैं और इसकी वजह से जाम लग गया है।

कुछ स्थानों पर पटरियों पर पानी जमा हो जाने के कारण सेंट्रल और हार्बर लाइन की उपनगरीय ट्रेनें सुबह से ही कम से कम 30-40 मिनटों की देरी से चल रही हैं। हालांकि वेस्टर्न लाइन पर ट्रेन सेवाएं समय से चलने की खबर है। दृश्यता में कमी आने के कारण मुंबई से रवाना होने वाली उड़ानों में भी आधे घंटे की देरी हुई।

मौसम विभाग ने मुंबई सहित तटीय इलाके के कई हिस्सों में सोमवार और मंगलवार को तेज हवाओं के साथ अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है और मछुआरों को अरब सागर न जाने की सलाह दी है।

बारिश के बाद शहर के तापमान में गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के साथ मौसम सुहावना हो गया है। वहीं अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

First Published: Monday, June 10, 2013, 09:37

comments powered by Disqus