Last Updated: Monday, September 3, 2012, 21:27

ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई: ठाकरे फैमिली को बिहार का मूल निवासी बताने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने कड़ा प्रहार किया है। बाल ठाकरे ने अपनी पार्टी के मुखपत्र सामना में दिग्विजय सिंह को मुफ्त में नाचने वाला डांसर बताया है। ठाकरे ने सम्पादकीय में लिखा है कि कुछ लोग बेवजह बिहार का ढ़िढोड़ा पीटने में लगे हैं।
फिर चाहे उसमें बिहार के बिना काम के नेता हों या फिर कांग्रेसी तमाशे में मुफ्त में नाचने वाले डांसर दिग्गीराजा हो। इससे पहले बाल ठाकरे के भतीजे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी दिग्विजय सिंह पर हमला बोला था।
राज ठाकरे ने कहा था कि दिग्विजय सिंह जैसे लोगों को कांग्रेस में पार्टी में गालियां खाने के लिए रखा है। दिग्विजय सिंह रोज गाली खाते हैं लेकिन नहीं सुधरते हैं।
राज ठाकरे ने जब बिहारियों को घुसपैठिया बताते हुए महाराष्ट्र से खदेड़ने की बात कही थी तब दिग्विजय सिंह ने कहा था कि ठाकरे परिवार मूल रुप से बिहार का रहने वाला है। वह मध्यप्रदेश के धार से महाराष्ट्र जाकर बस गया था। ठाकरे परिवार दिग्विजय सिंह के इसी बयान से भड़का हुआ है।
First Published: Monday, September 3, 2012, 21:19