यूपी में कोहरे से रेल,हवाई सेवा प्रभावित

यूपी में कोहरे से रेल,हवाई सेवा प्रभावित

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी में मंगलवार को तापमान ने 49 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राजधानी लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच घने कोहरे से रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक घने कोहरे की वजह से मंगलवार देर रात और बुधवार सुबह रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ। अधिकतर रेलगाड़ियां तीन से 21 घंटे की देरी से चल रही हैं।

दिल्ली से चलकर मालदा टाउन तक जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली स्वर्ण शताब्दी अपने नियत समय से चार घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची।

निर्धारित समय से देरी से चलन वाली रेलगाड़ियों में प्रमुख रूप से मरूधर एक्स्प्रेस, फरक्का, गोरखधाम, काशी विश्वनाथ, कैफियत, बाघ एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, कोटा-पटना एक्सप्रसे सहित दर्जनभर गाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं।

रेलवे के अलावा कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी देखा जा रहा है। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर मंगलवार को पांच घंटे की देरी से विमानों का परिचालन हुआ। बुधवार को भी यही स्थिति देखने को मिली।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तामपान लगभग दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

लखनऊ में मंगलवार को जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं करीब 48 वर्ष पहले 31 जनवरी, 1964 को यहां न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

राज्य में मंगलवार को सबसे सर्द क्षेत्र कानपुर रहा जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। आगरा में शून्य से एक डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया।

आंचलिक मौमस विज्ञान केंद्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि प्रदेशवासियों को अभी ठंड से निजात मिलने की सम्भावना नही है। अगले 48 घंटो में ठंड के और बढ़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

लखनऊ के अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 1.1 डिग्री तथा गाजीपुर का तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 9, 2013, 11:14

comments powered by Disqus