यूपी में गर्मी का सितम जारी, लोग बेहाल

यूपी में गर्मी का सितम जारी, लोग बेहाल

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। पारा चढ़ने और भीषण लू चलने से जनजीवन बेहाल है। मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार, समूचा उत्तर प्रदेश भयंकर गर्मी की चपेट में है और यह दौर हाल-फिलहाल थमने वाला नहीं है। आने वाले वक्त में गर्मी की यही स्थिति बनी रहने के प्रबल आसार हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान वाराणसी, फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर, लखनउ, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, आगरा, मेरठ तथा गोरखपुर मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा रहा।

इस अवधि में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 46. 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के आगरा तथा कानपुर में 45.5 डिग्री, झांसी में 45.2 डिग्री, कानपुर में 43. 5 डिग्री, बहराइच तथा सुलतानपुर में 43 डिग्री और लखनउ में 42. 9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
अगले 24 घंटे में राज्य के लगभग सभी मंडलों में तेज गर्मी तथा लू चलने का अनुमान है।

प्रदेश में प्रचंड गर्मी से जनजीवन पर खासा असर पड़ा है। दोपहर में बाजार और सड़कों पर आम तौर पर इक्का-दुक्का लोग ही नजर आते हैं। तपिश के कारण डायरिया तथा अन्य कई विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, May 27, 2012, 18:21

comments powered by Disqus