Last Updated: Friday, December 28, 2012, 11:16
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शीतलहर के चलते गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो अब तक का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले समय में ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार को लखनऊ के तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। यहां सुबह का तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में ठंड और गलन का यह दौर जारी रहेगा। राजधानी और सूबे के अन्य प्रमुख शहरों में गुरुवार को अब तक का सबसे सर्द दिन रहा। यहां आठ से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थी। वैसे दोपहर के बाद धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि बर्फीली हवाओं की वजह से पारे में इतनी गिरावट दर्ज की गयी है। आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। न्यूनतम पारे में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और दोपहर के बाद धूप खिलेगी। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 28, 2012, 11:16