यूपी में शीतलहर जारी, कोहरे से रेल सेवाएं प्रभावित

यूपी में शीतलहर जारी, कोहरे से रेल सेवाएं प्रभावित

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी और सूबे के अन्य शहरों में शुक्रवार को घने कोहरे की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक ठंड और शीतलहर का दौर अभी दो-चार दिनों तक जारी रहेगा। इस बीच कोहरे की वजह से रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

उप्र मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अगले दो-चार दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की सम्भावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने और कई क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से ठंड से इजाफा हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक दोपहर 12 बजे तक कोहरे का असर बना रहेगा जबकि दिन के दूसरे हिस्से में हल्की धूप दिखायी दे सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है। इसके अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 5.4 डिग्री और कानपुर का 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक लम्बी दूरी की रेलगाड़ियों पर कोहरे का असर देखा जा रहा है। कई रेलगाड़ियां अपने नियत समय से कई घंटे विलम्ब से चल रही हैं। गोरखधाम एक्सप्रेस, पटना-मथुरा, काशी विश्वनाथ, उत्सर्ग एक्सप्रेस, लखनऊ मेल सहित कई गाड़ियां विलम्ब से अपने गंतव्य तक पहुंची। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 25, 2013, 11:02

comments powered by Disqus