Last Updated: Sunday, July 1, 2012, 21:01

बेंगलुरु : कर्नाटक में बगावत पर उतरे बी.एस. येदियुरप्पा धड़े ने भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व पर दबाव बढ़ाने की गरज से जगदीश शेट्टर को मौजूदा डीवी सदानंद गौड़ा के स्थान पर मुख्यमंत्री बनाने के लिए 5 जुलाई तक का समय दिया है।
येदियुरप्पा का समर्थन करने वाले राज्य से लोकसभा के सदस्य, विधायक और पाषर्द आज शेट्टर के आवास पर जमा हुए और शक्ति प्रदर्शन के तौर पर उनके प्रति अपना समर्थन दोहराया। इससे एक दिन पहले भाजपा के दूत धर्मेन्द्र प्रधान ने संकट को हल करने के लिए विरोधी गुटों से विचार विमर्श किया। संकट के चलते पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के प्रति आस्थावान नौ मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया।
इस समूह की तरफ से बोलते हुए नौ मंत्रियों में से एक राजू गौड़ा ने कहा, ‘हमने सर्वसम्मति से शेट्टर को मुख्यमंत्री बनाने के बारे में आलाकमान से अपील करने का फैसला किया।’ उन्होंने कहा, ‘हमें विश्वास है कि 5 जुलाई तक कोई फैसला हो जाएगा। अगर यह (तब तक) नहीं होगा तो 5 जुलाई को हम मिलेंगे और एक अहम फैसला करेंगे।’ समूह ने येदियुरप्पा और शेट्टर को राजनीतिक घटनाक्रम पर फैसला लेने के लिए अधिकृत किया और उसे मानने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने पार्टी आलाकमान से आग्रह किया कि वह विधायक दल की बैठक बुलाए। राजू गौड़ा ने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो येदियुरप्पा के प्रति आस्थावान विधायक खुद यह बैठक बुलाएंगे। उन्होंने दावा किया कि 55 से ज्यादा विधायकों, 15 पाषर्दों और आठ सांसदों ने आज की बैठक में हिस्सा लिया। इस बीच भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व के दूत धर्मेंद्र प्रधान ने नौ मंत्रियों से इस्तीफा वापस लेने की अपील की है। प्रधान कर्नाटक मामलों के प्रभारी हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 1, 2012, 21:01